डाक पार्सल लिखे वाहन में मिली शराब, हादसे के बाद लूट ले गये लोग
जामताडा जिले से खबर है। यहां गोबिंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर सीमावर्ती खागा थाना क्षेत्र के धावा और चापुड़िया के बीच शनिवार देर रात शराब की बोतलों से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई।

जामताडा जिले से खबर है। यहां गोबिंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर सीमावर्ती खागा थाना क्षेत्र के धावा और चापुड़िया के बीच शनिवार देर रात शराब की बोतलों से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद वाहन में लदी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इस दौरान कई लोग सड़क पर बिखरी बोतलें उठाकर ले गए। जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन पर डाक पार्सल लिखा हुआ था। वाहन में करीब 2000 बोतल ईएल-चैपो व्हिस्की लदी होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि शराब की बोतलों पर कोई लेबल नहीं लगा था। हादसे के बाद पिकअप का चालक समेत वाहन में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन का नंबर जेएच 10 सीएफ 2760 बताया गया है। सूचना मिलने के बाद खागा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वैन को कब्जे में लेकर थाना ले गई। पुलिस शराब की खेप और उसके परिवहन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पिकअप वैन पर डाक पार्सल’ लिखा होना और उसमें करीब 2000 बोतल ईएल-चैपो व्हिस्की मिलने के साथ बोतलों पर लेबल नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। चालक समेत अन्य लोगों के मौके से फरार होने को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, बरामद शराब वैध है या अवैध, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही शराब की खेप के स्रोत, गंतव्य और उसके परिवहन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जामताडा से संतोष की रिपोर्ट










