भाजपा का हल्ला बोल, जेएसएससी-जेपीएससी घोटाले की सीबीआई जांच और छात्रों पर दर्ज केस वापस हो
झारखंड में जेएसएससी और जेपीएससी नियुक्तियों में कथित घोटाले की सीबीआई जांच और शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज फर्जी मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया।

झारखंड में जेएसएससी और जेपीएससी नियुक्तियों में कथित घोटाले की सीबीआई जांच और शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज फर्जी मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय उपस्थित रहे। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
मौके पर सभा को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय ने कहा कि झारखंड के नौजवानों ने जेपीएससी-जेएसएससी में हुई धांधली के खिलाफ आवाज उठाई, तो सरकार ने बिना किसी जांच के ही सारी नियुक्तियां रद्द कर दीं और परीक्षाएं स्थगित कर दीं। सरकार जानती थी कि इस पर हाईकोर्ट रोक लगाएगा। इसी छल के खिलाफ जब पूरे प्रदेश में युवाओं ने पुतला दहन किया तो जेएमएम-कांग्रेस के लोगों ने कानून हाथ में लेकर छात्रों पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया और उल्टा उन्हीं छात्रों पर मुकदमा दर्ज कर दिया।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पूरे मामले की सीबीआई जांच नहीं हुई और छात्रों पर से झूठे केस वापस नहीं लिए गए तो भाजपा सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन करेगी।इस दौरान जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार युवाओं की आवाज को पुलिस के डंडे से दबाना चाहती है। युवा जब अपना हक मांगते हैं और परीक्षा में धांधली की सीबीआई जांच की मांग करते हैं तो उन पर झूठे मुकदमे लाद दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि चाहे मुख्यमंत्री हों या मंत्री जो भी इनकी कुरीतियों के खिलाफ बोलता है उसकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जाता है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट










