कुंडहित में भाकपा का प्रदर्शन, एमएमडीआर बिल, महंगाई और जेपीएससी-जेएसएससी में धांधली को लेकर सरकार पर बरसे
जामताड़ा जिला के कुंडहित प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जामताड़ा जिला कमेटी के बैनर तले विशाल रैली और धरना-प्रदर्शन किया गया। एमएमडीआर बिल, महंगाई और जेपीएससी-जेएसएससी में धांधली को लेकर सरकार पर बरसे।

जामताड़ा जिला के कुंडहित प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जामताड़ा जिला कमेटी के बैनर तले विशाल रैली और धरना-प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यकर्ता कुंडहित बाजार से नारेबाजी करते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंचे और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा लाए गए जनविरोधी एमएमडीआर बिल को वापस लेने, बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर रोक लगाने, जेपीएससी और जेएसएससी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली की उच्चस्तरीय जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा प्राकृतिक संसाधनों की लूट और आम जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
मौके पर भाकपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं नाला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कन्हाई चंद्र मालपहाड़िया ने कहा कि यह आंदोलन जनता के हक और अधिकार की लड़ाई है, एमएमडीआर बिल के जरिए केंद्र सरकार संसाधनों को पूंजीपतियों के हाथों सौंपना चाहती है।
महंगाई-बेरोजगारी से गरीब और मध्यम वर्ग त्रस्त है और जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जब तक जनता की आवाज नहीं सुनी जाती पार्टी का लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा। अंत में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपकर जन मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट










