12 वर्षीय बच्चे ने निगल ली सीटी, डॉक्टरों ने ब्रोंकोस्कोपी से निकाला
राजधानी स्थित पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में सीटी बजाते समय एक 12 वर्षीय बच्चे के सांस की नली में सीटी चली जाने का जटिल मामला सामने आया।

पटना: राजधानी स्थित पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में सीटी बजाते समय एक 12 वर्षीय बच्चे के सांस की नली में सीटी चली जाने का जटिल मामला सामने आया। सीटी सांस के रास्ते ब्रोंकस में फंस गयी थी। पल्मोनरी विभाग की टीम ने ईएनटी और एनेस्थीसिया विभाग के सहयोग से ब्रोंकोस्कोपी के जरिये सीटी को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। समय पर उपचार मिलने से बच्चे की जान बच गयी।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ राजीव ने बताया कि सीटी बजाते समय बच्चे ने गलती से उसे सांस के साथ अंदर खींच लिया था। इसके बाद सीटी ब्रोंकस में जाकर फंस गयी। मामले की जानकारी मिलने पर पल्मोनरी विभाग की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ साइमा एजाज के नेतृत्व में टीम ने बच्चे की जांच की और ब्रोंकोस्कोपी के जरिये विदेशी वस्तु निकालने का निर्णय लिया। बच्चे का नाम गौतम है, जो गयाजी के बेला का निवासी है।
पीएमसीएच के ईएनटी ऑपरेशन थिएटर नंबर-2 में ब्रोंकोस्कोपी के माध्यम से सीटी को बाहर निकाला गया। इस पूरी प्रक्रिया में पल्मोनरी विभाग की टीम के साथ जूनियर रेजिडेंट डॉ आदित्य और डॉ रोशन ने सहयोग किया। टीम ने एचओडी प्रो. बीके चौधरी और वरिष्ठ शिक्षक डॉ समरेंद्र झा के मार्गदर्शन में प्रक्रिया पूरी की।
ईएनटी विभाग की एचओडी प्रो. प्रीति शर्मा और उनकी पूरी टीम ने भी प्रक्रिया में सहयोग किया। वहीं, एनेस्थीसिया टीम ने बच्चे को प्रक्रिया के दौरान सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। एनेस्थीसिया टीम को प्रो. सुदामा का मार्गदर्शन मिला। अस्पताल प्रशासन ने सभी विभागों की संयुक्त टीम के प्रयास की सराहना की है।










