अंधेरे से उजाले तक: 20 दिन बाद आसना गांव में लौटी बिजली
अंधेरे से उजाले तक: 20 दिन बाद आसना गांव में लौटी बिजली
जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड की बंदरनाचा पंचायत स्थित आसना गांव में करीब 20 दिनों से जारी बिजली संकट का आखिरकार समाधान हो गया। गांव में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को दैनिक जीवन के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विभाग की ओर से नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद पूरे गांव में फिर से बिजली बहाल हो गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या के कारण पहले से स्थापित 25 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर खराब हो गया था। इसके बाद कई दिनों तक ग्रामीणों ने बिजली विभाग से नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। बिजली नहीं रहने से शाम ढलते ही गांव में अंधेरा छा जाता था, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित होती थी। विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा था। वहीं, बरसात के मौसम में अंधेरे के कारण सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा भी ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रहा था।
स्थिति गंभीर होने पर ग्रामीणों ने नाला विधानसभा क्षेत्र के भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी से संपर्क कर पूरी समस्या से अवगत कराया। सूचना मिलने के बाद उन्होंने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
इसके बाद विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो दिनों के भीतर गांव में नया 63 केवीए ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया। पहले की तुलना में अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाए जाने से अब बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु रहने की उम्मीद जताई जा रही है। देर शाम जैसे ही बिजली बहाल हुई, पूरे गांव में राहत और खुशी का माहौल देखने को मिला।
बिजली लौटने से विशेष रूप से महिलाओं और छात्र-छात्राओं ने राहत महसूस की। अब बच्चों की पढ़ाई सामान्य रूप से जारी रह सकेगी और ग्रामीणों का दैनिक जीवन भी पटरी पर लौट आया है। नए ट्रांसफार्मर का लाभ गांव के दो दर्जन से अधिक परिवारों को मिलेगा।
इस अवसर पर भाजपा युवा नेता मनोज गोस्वामी ने कहा कि आम लोगों की मूलभूत समस्याओं का समय पर समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने बिजली आपूर्ति बहाल करने में सहयोग देने के लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे आगे भी लगातार प्रयासरत रहेंगे।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट
Trending News