बगोदर में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या से बवाल, दोषियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन

गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र में एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के बाद तनाव की स्थिति बन गई है। हेसला इलाके में मिथिलेश यादव का शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्यारों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार, मिथिलेश यादव का शव शनिवार तड़के हेसला स्थित जीटी रोड के सर्विस रोड पर कपसा मोड़ के पास मिला। शव खून से सना हुआ था। शुरुआती जानकारी के आधार पर आशंका है कि वारदात देर रात अंजाम दी गई होगी। घटना की सूचना फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ धनंजय कुमार राम, पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार और थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने कहा कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की दिशा में काम कर रही है।
हत्या की सूचना मिलने के बाद बगोदर विधायक नागेंद्र महतो और पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक नागेंद्र महतो ने घटना पर दुख जताते हुए पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने भी पुलिस से जांच में तेजी लाने तथा हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।
मिथिलेश यादव की हत्या से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शन के कारण इलाके में कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ।
मौके पर प्रमुख आशा राज, उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह और भाकपा माले नेता रामेश्वर यादव समेत कई स्थानीय नेता भी पहुंचे। पुलिस के खिलाफ लोगों में नाराजगी देखी गई और वे जल्द कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और हत्या की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में लगी है। जांच के बाद ही वारदात के पीछे की वजह और अपराधियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।











