निरसा में अवैध खनन का भंडाफोड़, खुद खदान में उतरे विधायक अरूप चटर्जी
धनबाद: निरसा के ईसीएल राजा कोलियरी में चल रहे अवैध कोयला खनन का बड़ा भंडाफोड़ हुआ है। शुक्रवार को निरसा के माले विधायक अरूप चटर्जी को सूचना मिली कि उनके आवास के पास ही राजा कोलियरी खदान में बड़े पैमाने पर अवैध खनन चल रहा है।

सूचना मिलते ही विधायक अरूप चटर्जी अपनी टीम के साथ खुद खदान के अंदर उतर गए और अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। खदान के अंदर बिजली के मोटे-मोटे तारों से अवैध कनेक्शन लेकर बड़े-बड़े मोटर और ड्रिल मशीन लगाकर कोयला काटा जा रहा था। खदान में दर्जनों अवैध मुहाने बने हुए थे, जहां से मोटरसाइकिल पर कोयला लादकर बाहर ले जाया जा रहा था।
विधायक ने तुरंत इसकी सूचना सीआईएसएफ और ईसीएल प्रबंधन को दी। सूचना पर पहुंची सीआईएसएफ और कोलियरी प्रबंधन की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके से भारी मात्रा में बिजली के मोटे केबल, मोटर, कटर मशीन और कोयला काटने वाले गैता को जब्त किया।
फिलहाल सभी अवैध मुहानों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट