धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में स्थित MINERVA DIGITAL परीक्षा केंद्र पर एसएससी (MTS) की ऑनलाइन परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। केंद्र समन्वयक से मिली सूचना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो परीक्षार्थियों समेत परीक्षा केंद्र के एक कर्मचारी को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए परीक्षार्थियों की पहचान बिहार के लखीसराय जिले के रामचंद्रपुर निवासी रौनक कुमार और कोचगांव निवासी बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। वहीं, परीक्षा केंद्र में रजिस्ट्रेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत नालंदा जिले के दायमचक निवासी शशि कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
जांच के दौरान दोनों अभ्यर्थियों के पास से ब्लूटूथ डिवाइस और स्पाई ईयरपीस जैसे अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि इन उपकरणों के जरिए परीक्षा के दौरान बाहर बैठे लोगों से उत्तर लेकर प्रश्नपत्र हल कराया जा रहा था।
पूछताछ में दोनों परीक्षार्थियों ने स्वीकार किया कि उन्हें ये डिवाइस परीक्षा केंद्र के कर्मचारी द्वारा उपलब्ध कराए गए थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि नकल कराने के लिए प्रति परीक्षार्थी आठ लाख रुपये की रकम तय की गई थी, जिसमें से ढाई लाख रुपये एडवांस के तौर पर लिए जा चुके थे।
गिरफ्तार कर्मचारी के मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट, प्रवेश पत्रों की प्रतियां और पैसों के लेन-देन से जुड़े कई महत्वपूर्ण सबूत हाथ लगे हैं।
इस पूरे मामले में 13 फरवरी 2026 को गोविंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच जारी है।