ढुल्लू महतो ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना, कहा- बेरमो में रोज 50 हजार टन कोयला चोरी
धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बेरमो क्षेत्र से प्रतिदिन करीब 50 हजार टन कोयले की चोरी हो रही है।

बोकारो : धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बेरमो क्षेत्र से प्रतिदिन करीब 50 हजार टन कोयले की चोरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बड़े-बड़े कोयला माफियाओं को संरक्षण दे रही है और चोरी के जरिए होने वाली कमाई का हिस्सा ऊपर तक पहुंचाया जा रहा है। ढुल्लू महतो ने बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह की पत्नी की सुरक्षा में तैनात पुलिस बल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब उनकी पत्नी किसी संवैधानिक पद पर नहीं हैं तो उन्हें इतनी सुरक्षा किस आधार पर दी गई है और इसका खर्च कौन उठा रहा है।
MP ढुल्लू महतो ने आरोप लगाया कि झारखंड में कोयला चोरी चरम पर है
सांसद ढुल्लू महतो ने आरोप लगाया कि झारखंड में कोयला चोरी चरम पर है। उन्होंने कहा कि पहले भूमिगत खदानों में पिलर छोड़ दिए जाते थे और सुरक्षा के लिए बालू भराई की जाती थी, लेकिन अब कथित माफिया इन पिलरों को भी निकाल रहे हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आर्थिक रूप से संपन्न इलाकों में तैनात अधिकारी ही यदि चोरी के खेल में शामिल हों तो निष्पक्ष जांच कैसे होगी। ढुल्लू महतो ने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की और कहा कि सरकार ने अबतक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट










