एमिटी यूनिवर्सिटी पटना का छठा दीक्षांत समारोह संपन्न, 716 विद्यार्थियों को मिली डिग्री
एमिटी यूनिवर्सिटी पटना में बुधवार को छठे दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विषयों के कुल 716 स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं।

पटना: एमिटी यूनिवर्सिटी पटना में बुधवार को छठे दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विषयों के कुल 716 स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। समारोह में शैक्षणिक एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 62 विद्यार्थियों को पुरस्कार और पदक देकर सम्मानित किया गया। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता एमिटी यूनिवर्सिटी पटना के चांसलर डॉ. अतुल चौहान ने की। उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर डॉ. अतुल चौहान ने कहा कि बिहार ज्ञान और शिक्षा की धरती रही है। यहां के युवाओं में दुनिया को आगे ले जाने की पूरी क्षमता है। उन्होंने बताया कि इस बैच के कई विद्यार्थियों को बड़ी कंपनियों में रोजगार मिल चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी मेहनत और अच्छे कार्यों से विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने की अपील की। समारोह के दौरान केपीएमजी इंडिया के सीईओ यजदी बहराम नागपुरवाला और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के एमडी एवं सीईओ सुंदररमण रामामूर्ति को मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। यजदी बहराम नागपुरवाला ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की प्रगति में बिहार जैसे राज्यों के युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। वहीं, सुंदररमण रामामूर्ति ने वित्तीय समझ, नई तकनीक और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया।
इस आयोजन में पढ़ाई सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 62 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, सिल्वर मेडल, ब्रॉन्ज मेडल, बेस्ट ऑलराउंड स्टूडेंट ट्रॉफी और बलजीत शास्त्री अवॉर्ड प्रदान किए गए। एमिटी एजुकेशन ग्रुप के ट्रस्टी अभय चौहान ने विद्यार्थियों को बदलती दुनिया के साथ आगे बढ़ने, मजबूत मूल्यों को अपनाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
एमिटी यूनिवर्सिटी पटना के वाइस चांसलर डॉ. विवेकानंद पांडे ने विश्वविद्यालय की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शिक्षा, शोध, खेलकूद और प्लेसमेंट के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय बिहार के युवाओं को बेहतर शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह में एमिटी एजुकेशन ग्रुप के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट यू. रामचंद्रन सहित कई अतिथि, शिक्षक, कर्मचारी, पूर्व विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे। डिग्री प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपने दोस्तों और शिक्षकों के साथ यादगार तस्वीरें खिंचवाईं और अपने करियर की नई शुरुआत की।














