भीषण सड़क हादसे में अधिवक्ता की मौत, मृतक का सिर धड़ से अलग होकर 13 फीट दूर जा गिरा
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर दिग्घी जेल के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई।

हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर दिग्घी जेल के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार के कई बार पलटने के दौरान मृतक का सिर धड़ से अलग होकर करीब 12 से 13 फीट दूर जा गिरा, जबकि शरीर कार के अंदर ही रह गया।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर की ओर से हाजीपुर आ रही वैगनआर कार में चार लोग सवार थे। दिग्घी जेल के आगे किसी जानवर के सड़क पार करने और एक ट्रक द्वारा चकमा दिए जाने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। टक्कर के बाद कार तीन से चार बार पलट गई।
हादसे में कार में सवार कुंदन साहनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बताया गया कि कार में सवार सभी लोग अधिवक्ता थे और वैशाली जिला अधिवक्ता संघ के पी.पी श्याम बाबू राय के सहकर्मी थे। सभी लोग श्राद्ध कर्म के भोज में शामिल होने के बाद हाजीपुर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सदर थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल और FSL टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीण एसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हाजीपुर / वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट










