दुकानदार की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रख जमकर काटा बवाल
सिवान में जेनरल स्टोर दुकानदार की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। युवक के परिजनों ने दुकान में पेट्रोल डालकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रख कर जमकर बवाल काटा है।

सिवान : सिवान में जेनरल स्टोर दुकानदार की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। युवक के परिजनों ने दुकान में पेट्रोल डालकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रख कर जमकर बवाल काटा है। वहीं मौके पर पहुंचे सदर एसडीओ और एसडीपीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को हटवा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच कर घटना की जांच कर रही है। घटना जीबी नगर तरवारा थाना क्षेत्र के तरवारा बाजार की है।
मृतक की पहचान नदीम हुसैन के रूप में हुई है
बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान नदीम हुसैन के रूप में हुई है। बीती रात नदीम हुसैन की दुकान के अंदर ही पेट्रोल डालकर हत्या कर दी गई। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद दुकान का शटर बाहर से बंद कर दिया गया, ताकि घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सके। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को तरवारा बाजार के मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया।
सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा
इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ प्रांजल कुमार और सदर एसडीएम आशुतोष कुमार गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत की। इसके बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
सिवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट











