ट्रैफिक चालान जमा करना होगा और भी आसान, भारत बिल पेमेंट सिस्टम प्लेटफॉर्म 16 नवंबर से होगा लाइव
बिहार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर जारी होने वाले ई-चालान के भुगतान की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में परिवहन विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है।

पटना : बिहार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर जारी होने वाले ई-चालान के भुगतान की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में परिवहन विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब वाहन मालिक गूगल पे, फोन पे, पेटीएम, इंटरनेट बैंकिंग सहित अपनी पसंद के डिजिटल पेमेंट एप के माध्यम से ट्रैफिक चालान की राशि जमा कर सकेंगे। इसके लिए भारत बिल पेमेंट सिस्टम ( बीबीपीएस) प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है।
BBPS प्लेटफॉर्म का हुआ डेमोस्ट्रेशन, 16 नवंबर से लाइव करने की तैयारी
परिवहन विभाग में गुरुवार को बीबीपीएस (भारत बिल पेमेंट सिस्टम) प्लेटफॉर्म का डेमोस्ट्रेशन किया गया। इस दौरान निर्धारित समय सीमा के अंदर लाइव करने तथा डिजिटल भुगतान सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस प्लेटफॉर्म को परिवहन विभाग की डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ने के लिए एनआईसी के माध्यम से एपीआई इंटीग्रेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि प्लेटफॉर्म की टेस्टिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसे आगामी 16 नवंबर से लाइव करने की योजना है। प्लेटफॉर्म के लाइव होने के बाद वाहन चालक गूगल पे, फोन पे, पेटीएम सहित विभिन्न डिजिटल पेमेंट एप के माध्यम से अपने ट्रैफिक चालान का भुगतान कर सकेंगे।
डिजिटल भुगतान के लिए मिलेगा एकीकृत प्लेटफॉर्म
इस प्लेटफॉर्म के लाइव होने के बाद वाहन चालकों को ट्रैफिक चालान का भुगतान करने के लिए अलग-अलग प्रक्रियाओं से नहीं गुजरना होगा। वे अपने पसंदीदा डिजिटल पेमेंट एप के माध्यम से आसानी से चालान की राशि जमा कर सकेंगे। इससे भुगतान प्रक्रिया अधिक सुलभ, पारदर्शी और समय की बचत करने वाली बनेगी। साथ ही, चालान भुगतान के लिए डिजिटल माध्यमों के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
चालान जमा करने के लिए नहीं जाना होगा किसी कार्यालय
परिवहन सचिव राज कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता परिवहन सेवाओं को तकनीक आधारित, पारदर्शी और आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाना है। भारत बिल पेमेंट सिस्टम के माध्यम से ट्रैफिक चालान भुगतान की सुविधा शुरू होने से वाहन मालिकों को काफी सहूलियत होगी। अब उन्हें चालान जमा करने के लिए किसी कार्यालय या निर्धारित पोर्टल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि गूगल पे, फोन पे, पेटीएम जैसे अपने पसंदीदा डिजिटल पेमेंट एप के माध्यम से घर बैठे भुगतान करने की सुविधा मिलेगी। हमारा लक्ष्य है कि परिवहन विभाग की अधिक से अधिक सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर नागरिकों को सरल, त्वरित और पारदर्शी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
परिवहन विभाग की अन्य सेवाएं भी होंगी उपलब्ध
राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने बताया कि बीबीपीएस प्लेटफॉर्म के माध्यम से फिलहाल ट्रैफिक चालान के भुगतान की सुविधा शुरू की जा रही है। भारत बिल पेमेंट सिस्टम शुरू होने से आम नागरिकों को ट्रैफिक चालान का भुगतान करने में काफी सहूलियत होगी। गूगल पे, फोन पे, पेटीएम सहित अपनी पसंद के डिजिटल पेमेंट एप के माध्यम से घर बैठे चालान की राशि जमा कर सकेंगे। हमारा प्रयास है कि परिवहन विभाग की सेवाओं को अधिक से अधिक डिजिटल और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाया जाए। आने वाले दिनों में इस प्लेटफॉर्म से परिवहन विभाग की पेमेंट से संबंधित अन्य सेवाओं को भी जोड़ा जाएगा, ताकि लोगों को एक ही प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन विभिन्न सेवाओं के भुगतान की सुविधा मिल सके।











