मजदूर की दर्दनाक मौत, ठेकेदार पर गंभीर आरोप, परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था
सीवान में हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मजदूर की मौत के बाद परिजनों में चीख पुकार मची हुई है। मामला लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के लखनौरा पंचायत के भोपतपुर गांव का है।

सीवान में हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मजदूर की मौत के बाद परिजनों में चीख पुकार मची हुई है। मामला लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के लखनौरा पंचायत के भोपतपुर गांव का है। लखनौरा पंचायत में मकान के निर्माण कार्य के दौरान मजदूर हादसे का शिकार हो गया था। घायल मजदूर श्रीकांत पंडित की इलाज के दौरान की मौत हो गई है।
परिजनों ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार आरोपी ठेकदार घायल मजदूर को इलाज के लिए लेकर नहीं गया और मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि भोपतपुर निवासी सुरेश महतो के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। जिसको लेकर ठेकेदार ने मजदूर श्रीकांत को काम पर बुलाया था। मकान का निर्माण कार्य करने के दौरान हाई टेंशन तार की चपेट में आकर छत से गिरने से मजदूर की कमर टूट गई।
परिजनों का आरोप है कि ठेकदार घायल को इलाज कराने नहीं ले गया और उसको उसी हालात में छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं घायल को स्थानीय लोगों की मदद से सीवान सदर अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया।जहां इलाज के दौरान मजदूर ने दम तोड़ दिया।
मजदूर का शव गांव में पहुंचते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके निधन से बुजुर्ग माता-पिता, तीन बेटियों और एक छोटे बेटे के सिर से साया उठ गया है और परिवार पूरी तरह बेसहारा हो चुका है।
सिवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट













