चर्चित नीरज ज्वेलर्स लूटकांड और दुकानदार की हत्या मामला, फरार चल रहा आरोपी गिरफ्तार, अब तक 5 की गिरफ्तारी
सीवान के दरौली थाना क्षेत्र के टाड़वा बाजार में हुए चर्चित नीरज ज्वेलर्स लूटकांड और दुकानदार दिलीप वर्मा की हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी लड्डू राम को गिरफ्तार कर लिया है।

सीवान के दरौली थाना क्षेत्र के टाड़वा बाजार में हुए चर्चित नीरज ज्वेलर्स लूटकांड और दुकानदार दिलीप वर्मा की हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी लड्डू राम को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कर्मलीहाता से की गई है।
इस घटना को लेकर अब तक कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई हैं। जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इसकी जानकारी मैरवा एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने प्रेसवार्ता कर दी है।
दरअसल, पिछले महीने 8 सितंबर को दरौली थाना क्षेत्र के टाड़वा बाजार स्थित नीरज ज्वेलर्स में कुछ अपराधियों ने दुकान में घुसकर जेवरात लूटने का प्रयास किया था। लूट के दौरान दुकानदार दिलीप वर्मा पर अपराधियों ने चाकू से हमला कर दिया था, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
इस मामले में पुलिस ने परिजनों के लिखित आवेदन पर दरौली थाना में कांड दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
अब पुलिस ने मामले में फरार चल रहे सीवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कर्मलीहाता निवासी लड्डू राम को गिरफ्तार किया है। जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। नीरज ज्वेलर्स लूटकांड में एक और गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस पूरे आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है।
सीवान से नागेन्द्र की रिपोर्ट










