शराबबंदी वाले राज्य में हुई अनोखी लूट, ट्रक से शराब लूट कर चले गये लोग, वायरल हुआ वीडियो

बिहार में पूर्ण रूप से शराबबंदी है। इसी क्रम में एक वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक ट्रक से शराब की लूट दिख रही है।

शराबबंदी वाले राज्य में हुई अनोखी लूट, ट्रक से शराब लूट कर चले गये लोग, वायरल हुआ वीडियो
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
: Jun 19, 2026, 11:46:00 AM

बिहार में पूर्ण रूप से शराबबंदी है। यहां शराब के सेवन, व्यापार पर पूरी तरह से रोक है। बावजूद शराब के धंधेबाज अपने कारनामों से बाज नहीं आ रहे हैं। इस क्रम में नयी नयी खबरें भी सामने आती रहती हैं। इसी क्रम में एक वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक ट्रक से शराब की लूट दिख रही है। वायरल वीडियो राज्य के सीतामढ़ी जिले की बतायी जा रही है। हालांकि स्वराज पोस्ट इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। अब इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस पूरी मामले की तहकीकात में जुट गयी है।

मिली जानकारी के अनुसार राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद सीतामढ़ी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के बोखड़ा थाना क्षेत्र के बुधनगरा पुल के समीप हिमाचल प्रदेश नंबर के एक ट्रक से शराब लूटे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग ट्रक से अंग्रेजी शराब और बीयर के कार्टन निकालकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर लदी हुई थी। वायरल वीडियो में पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और मोटरसाइकिल सवार युवक भी शराब के कार्टन व बोतलें लेकर जाते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग हाथों में शराब की बोतलें लिए दिख रहे हैं, जबकि कई लोग मोटरसाइकिल पर कार्टन लादकर मौके से निकलते दिखाई दे रहे हैं।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुपरी डीएसपी सुनीता कुमारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बुधनगरा पुल के पास एक ट्रक में शराब होने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया है और ट्रक को थाना लाया है। डीएसपी ने बताया कि ट्रक में मौजूद शराब की गिनती की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रक में कुल कितनी शराब थी और उसमें से कितनी बरामद हुई है? साथ ही वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर बिहार में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

सीतामढ़ी से सरोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट