जन जागरूकता से रूकेगी मानव तस्करी, सभी वर्ग की सहभागिता जरूरी: डीएसपी
सीतामढ़ी जिले में बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में मानव तस्करी निरोध इकाई एवं अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को "मानव व्यापार से संबंधित ज्ञानवर्धन कार्यशाला सह सम्मान समारोह" का आयोजन किया गया।

राज्य के सीतामढ़ी जिले में बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में मानव तस्करी निरोध इकाई एवं अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को "मानव व्यापार से संबंधित ज्ञानवर्धन कार्यशाला सह सम्मान समारोह" का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. नजीब अनवर की अध्यक्षता ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. नजीब अनवर ने मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के संरक्षण, समुदाय की सहभागिता तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी जैसे संगठित अपराध की प्रभावी रोकथाम के लिए पुलिस, प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कार्यशाला के दौरान आयोजित ओपन डिस्कशन सत्र में प्रतिभागियों ने मानव तस्करी की रोकथाम से संबंधित विभिन्न सुझाव एवं व्यावहारिक समाधान साझा किए। इस अवसर पर मानव तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना के आदान-प्रदान हेतु सीतामढ़ी पुलिस की मानव तस्करी निरोध इकाई का हेल्पलाइन मोबाइल नंबर 92644 97210 भी साझा किया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि प्राप्त सूचनाओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस निरीक्षक सह शाखा प्रभारी, मानव तस्करी निरोध इकाई सुशील कुमार सिंह ने जिले में मानव तस्करी, बाल श्रम एवं अन्य संबंधित अपराधों के विरुद्ध अब तक की गई कार्रवाई, बचाव, पुनर्वास एवं जन-जागरूकता अभियानों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुकुंद कुमार चौधरी ने बाल श्रम एवं मानव तस्करी की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं अन्य हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रेरणादायी पंक्तियाँ प्रस्तुत करते हुए उपस्थित सभी प्रतिभागियों को मानव तस्करी एवं बाल श्रम के विरुद्ध सामूहिक प्रयास करने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। मनीष कुमार ने मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराध के विरुद्ध समाज के सभी वर्गों की सहभागिता पर बल देते हुए मानव तस्करी मुक्त सीतामढ़ी के संकल्प को साकार करने हेतु सभी हितधारकों से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बाल श्रम, मानव तस्करी एवं बाल विवाह की रोकथाम तथा जन-जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार सिंह, अंचल निरीक्षक (सुरसंड) परशुराम सिंह, बेला थानाध्यक्ष अचल अनुराग, महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक एजाजुल अंसारी, केंद्र प्रशासक शबनम कुमारी, अदिथी कवच परियोजना के कार्यक्रम प्रबंधक रोहित सिंह, ग्राम पंचायत घुरघुरा हनुमाननगर की मुखिया नुशरत जहां, सामाजिक कार्यकर्ता मो. कमर अख्तर, शिव शंकर ठाकुर, संजय वर्मा, पायल सिंह, रंजीत कुमार, प्रशांत कुमार, सुनीता कुमारी, आशिया खातून सहित अन्य हितधारकों को वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. नजीब अनवर द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन इस विश्वास के साथ हुआ कि पुलिस, प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं एवं आमजन के समन्वित प्रयासों से मानव तस्करी, बाल श्रम एवं बाल विवाह के विरुद्ध जन-जागरूकता को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा सुरक्षित, संवेदनशील एवं मानव तस्करी मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
सीतामढ़ी से अमित की रिपोर्ट











