गुप्ता धाम जा रहे पिता-पुत्री का शव 20 घंटे बाद नहर से बरामद, पिता असम राइफल्स में थे तैनात

रोहतास जिले के संझौली थाना क्षेत्र में बीते रविवार को नहर में डूबे पिता पुत्री का शव लगभग 20 घंटे बाद सोमवार को बरामद कर लिया गया है। दोनों का शव घटनास्थल से दूर अलग-अलग जगहों से बरामद हुआ है। बता दें कि तिलई गांव निवासी रामप्रकाश राम अपनी पुत्री सलोनी कुमारी के साथ बाइक से सावन के दूसरे सोमवारी पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए कैमूर पहाड़ी स्थित गुप्ता धाम जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी और नहर के तेज बहाव में दोनों बह गये।
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि तिलई गांव निवासी रामप्रकाश राम अपनी पुत्री सलोनी कुमारी के साथ बाइक से गुप्ता धाम जा रहे थे, तभी तीखे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। नहर का बहाव इतना तेज था कि दोनों चंद मिनटों में हीं लापता हो गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामप्रकाश राम असम राइफल्स में तैनात थे और छुट्टी पर गांव आए हुए थे।
दरअसल हादसे की सूचना मिलते हीं घटना स्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना संझौली पुलिस को दी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया गया। लेकिन नहर के तेज बहाव के कारण स्थानीय गोताखोरों को सर्च अभियान में काफी परेशानी उठानी पड़ी और सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने लगभग 20 घंटे बाद दोनों शव बरामद किया।
इधर नहर से शव बरामद होने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों एवं महिलाओं में चीख पुकार मच गई। मामले में पुलिस ने बताया कि सलोनी का शव अगरेर थाना क्षेत्र से बरामद हुआ, जबकि उसके पिता का शव विश्रामपुर गांव के समीप निकाला गया। फिलहाल दोनों शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की प्रक्रिया चल रही है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट




















