खाद्य सुरक्षा मानकों की बड़ी अनदेखी, टोमैटो व चिली सॉस फैक्ट्री सील
रोहतास जिले से मंगलवार को खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं मानकों की अनदेखी का एक बड़ा मामला सामने आया है।

सासाराम : रोहतास जिले से मंगलवार को खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं मानकों की अनदेखी का एक बड़ा मामला सामने आया है। आम लोगों की सेहत के तहत खिलवाड़ करने वाले जिले के डेहरी ऑन सोन स्थित लायन सवेरा नामक एक टोमैटो एवं चिली सॉस फैक्ट्री को प्रशासन ने फिलहाल सील कर दिया है और काफी मात्रा में सैंपल इकट्ठा कर जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
डेहरी एसडीएम के नेतृत्व में छापेमारी
डेहरी आन सोन नगर थाना क्षेत्र के एनिकट टॉल बांस के समीप स्थित लायन सवेरा फैक्ट्री में एसडीएम निलेश कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को छापेमारी की गई। प्रशासन के अनुसार सॉस निर्माण में कथित तौर पर कई खतरनाक केमिकल और अन्य गलत सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा रहा था। साथ हीं फैक्ट्री परिसर में काफी गंदगी और कीड़े-मकोड़े भी पाए गए।
चिली सॉस के निर्माण की अनुमति नहीं
एसडीएम निलेश कुमार के अनुसार फैक्ट्री संचालक द्वारा दिखाए गए लाइसेंस में चिली सॉस निर्माण की अनुमति नहीं थी, लेकिन बावजूद इसके फैक्ट्री में धड़ल्ले से चिली सॉस का निर्माण किया जा रहा था। इसके अलावा टोमैटो एवं चिली सॉस के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बोतल भी गंदे और पुराने पाए गए।
खतरनाक केमिकल और गंदगी मिलने पर फैक्ट्री सील
दरअसल, कार्रवाई के दौरान जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सॉस के नमूने संग्रहित किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। वहीं प्रशासन द्वारा बरामद अन्य सामग्रियों को विनष्ट कर दिया गया है। एसडीएम निलेश कुमार ने बताया कि फिलहाल खतरनाक केमिकल के प्रयोग और परिसर में गंदगी मिलने पर फैक्ट्री को सील कर दिया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर फैक्ट्री संचालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट










