जीवन पर भारी पडी बुलेट की सवारी, हादसे में हुई युवती की मौत
राज्य के रोहतास जिले से हैरान कर देने वाली खबर है। यहां एक युवती का शौक, उसके जीवन पर भारी पड गया। मिली जानकारी के अनुसार युवती बुलेट गाडी को चलाना सीख रही थी। इसी दौरान एक हादसा हो गया। जिसमें उसकी जान चली गयी। घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद अब स्थानीय पुलिस भी पूरे मामले की जांच में जुट गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहतास जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर सोमवार की शाम सड़क दुर्घटना में एक युवती की मौत हो गई। घटना दरिगांव थाना क्षेत्र के बभनपुरवा गांव के समीप की है, जहां युवती की पहचान सासाराम के न्यू एरिया मोहल्ला निवासी संतोष पांडे की 25 वर्षीय पुत्री पंखुड़ी पांडे के रूप में हुई है। हादसे में जवान बेटी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है और माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि पंखुड़ी पांडे को बुलेट चलाने का बड़ा शौक था। सोमवार की शाम वह एक युवक के साथ बुलेट चलाना सीख रही थी और इसी क्रम में दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग पर चले गये, जहां एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पंखुड़ी पांडे की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। इस हादसे में बाइक चलाना सीखा रहे एक युवक के भी घायल होने की सूचना है, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
वहीं हादसे के बाद दरिगांव थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराते हुए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार घायल युवक के बारे में अभी कोई भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है और फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि हादसे के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है और सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच चल रही है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट