चाय पीने के दौरान 2 दोस्तों में उपजा विवाद, मारपीट के दौरान एक दोस्त की मौत
नगर निगम सासाराम के महद्दीगंज मोहल्ले में रविवार की बीती रात दीपावली पर्व के पावन अवसर पर एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गई, जब घर का दीपक हीं अचानक से बुझ गया।

सासाराम : नगर निगम सासाराम के महद्दीगंज मोहल्ले में रविवार की बीती रात दीपावली पर्व के पावन अवसर पर एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गई, जब घर का दीपक हीं अचानक से बुझ गया। दरअसल, महद्दीगंज निवासी राजू कुमार सिंह के लगभग 20 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार की मौत हो गई है। घटना के बाद मोहल्ले व परिवार में मातम पसरा हुआ है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
चाय पीने के दौरान दोस्तों में उपजा विवाद
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि बीती रात लालगंज नहर के समीप दोस्तों के बीच चाय पीने के दौरान विवाद हुआ था। इसी विवाद में दोस्तों के बीच पहले गरमा गरम बहस हुई और फिर गंभीर मारपीट होने लगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मारपीट के दौरान हीं एक दोस्त की मौत हो गई, जबकि अन्य दोस्त मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सासाराम नगर थाना व मुफस्सिल थाने की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए शव को तुरंत कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार, बीती रात हीं शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की कार्रवाई चल रही है।
मामले में एक गिरफ्तार
घटना को लेकर सासाराम मुफस्सिल थाना अध्यक्ष राजीव रंजन राय ने बताया कि बीती रात महद्दीगंज मोहल्ले में दोस्तों के बीच मामूली विवाद के दौरान एक युवक की मौत हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से कई सबूत जुटाए हैं और हर तथ्यों को खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक संदिग्ध युवक को भी गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट













