युवक को मारी गोली, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी
रोसड़ा थाना क्षेत्र के शाहपुर वार्ड संख्या 4 में पूर्व के विवाद को लेकर एक युवक को गोली मार दिए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक की पहचान शाहपुर वार्ड 4 निवासी मणिकांत राय के पुत्र सम्राट सौरव के रूप में की गई है। गोली युवक के दाहिने बाह (हाथ) में लगी है।
घटना के बाद परिजनों ने उसे आनन-फानन में इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल, रोसड़ा में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई है। घायल युवक का इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पूर्व के विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा पुरानी रंजिश में गोली मारने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि इस विवाद को लेकर पूर्व में भी थाना में मामला दर्ज कराया गया था।
एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट
Trending News