DM ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित व समयबद्ध निष्पादन का दिया निर्देश
समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आज यानी पांच अक्टूबर को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

समस्तीपुर : समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आज यानी पांच अक्टूबर को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।
जन संवाद में कई मामलों की हुई सुनवाई
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने जन संवाद में उपस्थित प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना व संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए उनके नियमानुसार समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जन संवाद के दौरान भूमि एवं राजस्व संबंधी मामले, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, विद्युत, सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से संबंधित जनहित के मामले सामने आए।
जिलाधिकारी ने कहा- जन शिकायतों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला अथवा प्रखंड स्तर पर संभव है, उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। वहीं जिन मामलों में स्थल जांच, विभागीय समन्वय अथवा अन्य आवश्यक प्रक्रिया की जरूरत है, उनमें भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए।

शिकायतों के निष्पादन की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जाए - DM रोशन कुशवाहा
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शिकायतों के निष्पादन की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जाए व कार्रवाई पूर्ण होने के उपरांत संबंधित आवेदक को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। जन संवाद के दौरान अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, राजस्व प्रभारी धर्मराज, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा साक्षी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी व संबंधित कर्मी मौजूद थे।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट











