दिव्यांगों के जीवन में लौटेगी खुशियों की रोशनी, 8 से 10 सितंबर तक लगेगा निःशुल्क कृत्रिम अंग शिविर
अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच, सहरसा शाखा की ओर से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय विशाल निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जाएगा।

अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच, सहरसा शाखा की ओर से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय विशाल निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जाएगा। विश्व प्रसिद्ध भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर के सहयोग से आयोजित यह शिविर 8, 9 एवं 10 सितंबर को रॉयल गार्डन, रिफ्यूजी कॉलोनी में लगेगा।
शिविर में दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ, कृत्रिम पैर, सुनने की मशीन, बैसाखी, कैलिपर्स, ट्राईसाइकिल सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहयोग करना है। मारवाड़ी युवा मंच सेवा कार्यों के माध्यम से लगातार समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है। मंच के सेवा भाव और मानव कल्याण के संकल्प की दिशा में यह शिविर एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
शिविर में लाभ लेने के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि पांच सितंबर निर्धारित की गई है। मंच ने जिले के लोगों, समाजसेवियों एवं प्रबुद्धजनों से अपील की है कि अपने आसपास या गांव-मोहल्ले में रहने वाले ऐसे दिव्यांगजनों तक शिविर की जानकारी पहुंचाएं, जिन्हें कृत्रिम अंग या अन्य सहायक उपकरणों की आवश्यकता है। संस्था ने कहा कि सामूहिक प्रयास से किसी दिव्यांग के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास लौटाया जा सकता है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट










