कलश शोभा यात्रा व विधि-विधान के साथ मां काली सहित तीन देवी-देवताओं की हुई प्राण प्रतिष्ठा
सहरसा: शहर के बनगांव रोड स्थित नेताजी सुभाष चौक रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित नवनिर्मित मां काली मंदिर में आयोजित चार दिवसीय मां काली स्थापना यज्ञ महोत्सव के तीसरे दिन माता काली, सिद्धिविनायक गणेश एवं भैरव बाबा का विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश कराया गया।

सहरसा: शहर के बनगांव रोड स्थित नेताजी सुभाष चौक रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित नवनिर्मित मां काली मंदिर में आयोजित चार दिवसीय मां काली स्थापना यज्ञ महोत्सव के तीसरे दिन माता काली, सिद्धिविनायक गणेश एवं भैरव बाबा का विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश कराया गया। आचार्य बमबम झा, पंडित नीलांबर झा, पंडित गोविंद झा सहित पांच विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच गृह प्रवेश की रस्म संपन्न हुई।
दीपावली की मध्य रात्रि में माता काली सहित तीनों देवी-देवताओं की मूर्तियों में प्राण प्रतिष्ठा, निशा पूजा एवं बलि प्रदान का अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इसके उपरांत मंदिर का पट आम श्रद्धालुओं के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए खोल दिया गया। सोमवार की सुबह से ही माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
दिनभर भक्तों का मंदिर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।मां काली पूजा समिति के संयोजक मनीष कुमार ने बताया कि दीपावली की मध्य रात्रि निशा पूजा एवं बलि प्रदान के बाद सोमवार की सुबह पूजा समिति की ओर से माता की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद दिनभर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
वहीं, संध्या में भजन-कीर्तन एवं भव्य आरती का आयोजन किया गया।उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से निर्माणाधीन मां काली मंदिर का निर्माण कार्य अब पूर्ण हो चुका है। यह हम सभी श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का क्षण है कि अब मां काली का यह भव्य मंदिर स्थायी रूप से श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना एवं दर्शन के लिए तैयार हो गया है।
पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस प्रशासन एवं पूजा समिति के सदस्य दिनभर मुस्तैद रहे।उन्होने बताया कि मंगलवार को माता को प्रसिद्ध खिचड़ी एवं सब्जी का छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही संध्या में भव्य आरती का आयोजन होगा। वहीं, बुधवार को कलश विसर्जन के साथ चार दिवसीय स्थापना यज्ञ महोत्सव का समापन किया जाएगा।
पूजा महोत्सव को सफल बनाने में मां काली पूजा समिति के अध्यक्ष राजू सिंह, सचिव मनोज यादव, संयोजक मनीष कुमार, यजमान संजय सिंह माया एवं टुनटुन यादव, श्यामसुंदर सिंह, साधु यादव, मुकेश यदुवंशी, रवि कुमार, रंजय कुमार, रोशन कुमार सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट













