भौंरे के डंक मारने से आठ साल के बच्चे की मौत ! परिजनों ने किया हंगामा
राज्य के सहरसा जिले से हैरान करने वाली खबर है। यहां भौंरे के डंक से बच्चे की मौत होने की खबर है। बच्चे की उम्र आठ वर्ष बताया जा रही है।

राज्य के सहरसा जिले से हैरान करने वाली खबर है। यहां भौंरे के डंक से बच्चे की मौत होने की खबर है। बच्चे की उम्र आठ वर्ष बताया जा रही है। हालांकि इस मौत के बाद मृतक के परिजनों ने सदर अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। घटना शुक्रवार की बतायी जा रही है। इस घटना के बारे में जो भी सुन रहा है, आश्चर्य चकित हो जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार सहरसा सदर थाना क्षेत्र के गोबरगढ़ा वार्ड नंबर-2 में भौंरे के डंक से आठ वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मो. फिरोज के पुत्र मो. फरहान के रूप में हुई है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बच्चा अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान जहरीले भौंरे ने उसके शरीर के कई हिस्सों में काट लिया। भौंरे के डंक के बाद परिजन बच्चे को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजनों के मुताबिक, चिकित्सकों की देखरेख में बच्चे को इंजेक्शन दिया गया, जिसके कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए इलाज में लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। वहीं, सिविल सर्जन राज नारायण प्रसाद ने इलाज में लापरवाही और गलत इंजेक्शन के आरोप को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि बच्चे की मौत भौंरे के काटने से हुई है और उसे कोई गलत इंजेक्शन नहीं दिया गया था।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट










