रोजगार मेले में 7,882 से अधिक युवाओं का चयन, सांसद पप्पू यादव ने बांटे नियुक्ति पत्र
पूर्णिया के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में रविवार को सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल पर रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया।

पूर्णिया के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में रविवार को सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल पर रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया। रोजगार की उम्मीद लेकर पूर्णिया समेत कटिहार, अररिया, सहरसा, मधेपुरा और सुपौल से 10 हजार से अधिक युवा एवं महिला अभ्यर्थी मेले में पहुंचे। मेले में 50 से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिसमें 7,882 से अधिक युवाओं का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को सांसद पप्पू यादव ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया। चयनित युवाओं में करीब 40 प्रतिशत महिला अभ्यर्थी शामिल रहीं।
मेले में एशियन पेंट्स समेत मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की 30 से अधिक कंपनियों के अलावा ब्लू डार्ट, राइडर सिक्युरिटी सहित 50 से अधिक कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन, पूर्णिया एसडीएम, डीएसपी समेत अन्य अधिकारियों का सहयोग रहा। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया के युवाओं में प्रतिभा और मेहनत की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर उपलब्ध कराने की है। युवाओं के समर्पण और मेहनत को रोजगार से जोड़ना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि खासकर महिला अभ्यर्थियों और आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया गया है।
सांसद ने कहा कि अब प्रत्येक छह महीने में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। आने वाले समय में एक लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि ‘प्रणाम पूर्णिया, सलाम पूर्णिया और जोहार पूर्णिया’ के संकल्प के तहत अब तक 25 हजार से अधिक लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक मदद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 25 परिवारों को करीब 22 लाख रुपये की चप्पल निर्माण मशीन उपलब्ध कराई गई। रोजगार के साथ शिक्षा और तकनीकी कौशल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। आगामी महीने में 60 से अधिक गरीब एवं मेधावी बच्चों को लैपटॉप देने की योजना है। वहीं पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र की 60 से अधिक बेटियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मांग आधारित ऑनलाइन ट्रेनिंग दिलाने की योजना है, जिसमें उन्हें Coursera, Google और IIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से प्रशिक्षण एवं प्रमाणपत्र प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
सांसद ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की रोजगारयुक्त भारत की मुहिम से उन्होंने अपने ‘हर हाथ रोजगार, पूर्णिया’ के सपने को जोड़ा है। रोजगार मेले में 32 युवाओं का चयन गल्फ देशों में रोजगार के लिए हुआ है, जबकि अभ्यर्थियों को चार लाख रुपये तक के पैकेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। सांसद ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन केवल रोजगार मेला नहीं, बल्कि पूर्णिया के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और बेहतर भविष्य के प्रति विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी और पूरी मेहनत के साथ कार्य कर अपने परिवार एवं पूर्णिया का नाम रोशन करने की अपील की।
कटिहार से तौकिर की रिपोर्ट










