बिहार में बदल रहा मौसम, अगले दो से तीन दिनों में राज्य के अनेक स्थानों पर गिर सकता है तापमान
राज्य में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कई स्थानों पर लगातार बारिश हो रही है। इनमें कई जगह पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गयी है, वहीं दूसरी तरफ कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गयी है।

पटना: राज्य में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कई स्थानों पर लगातार बारिश हो रही है। इनमें कई जगह पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गयी है, वहीं दूसरी तरफ कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गयी है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले दो से तीन दिनों में राज्य में अनेक स्थानों पर तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान मॉनसून की गतिविधि सामान्य रही। राज्य के सिवान जिले के कुछ स्थानों मे भारी वर्षा दर्ज की गई। जबकि राज्य के उत्तर-पूर्व एवं उत्तर-पश्चिम के भाग के अधिकांश स्थानों, दक्षिण-पश्चिम के अनेक स्थानों पर एवं शेष भाग के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.4°C भभुआ (कैमूर) में दर्ज किया गया। वहीं राज्य का अधिकतम तापमान 30.5°C – 36.4°C के बीच रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्व भाग के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं दर्ज की गई।
वहीं दूसरी तरफ सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.0°C वाल्मीकि नगर ( पश्चिम चम्पारण) में दर्ज किया गया। जबकि राज्य का न्यूनतम तापमान 25.0 – 29.9°C के बीच रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं दर्ज की गई । राज्य के भोजपुर जिले में 46 किलो मीटर प्रति घंटा की गति से हवा दर्ज की गई। राज्य में कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गयी। इनमें नौतन में 80.8, गोरियाकोठी में 80.2, भगवानपुर हाट में 78.6, गोह में 64.2, मधेपुरा में 57.5, मुरलीगंज में 55.4, रिविलगंज में 54.8, बसंतपुर में 51.4, दिघवारा में 50.2, जलालपुर में 46.8, केसठ में 46.4, कटिहार में 43.0, लहलादपुर में 42.2, सिमरी में 42.2, महाराजगंज में 41.6, आरा में 41.6, कदवा में 38.6 और परसा में 38.2 मिमी बारिश दर्ज की गयी। etc.
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान मे 2-3°C गिरावट होने की संभावना है। जबकि अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है।










