सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन, 10 दिनों में काटे गये 16 हजार से अधिक ई-चालान
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा 20 अक्टूबर तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जायेगा।

पटना: सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा 20 अक्टूबर तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जायेगा। अभियान के तहत हेलमेट एवं सीटबेल्ट का उपयोग नहीं करने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। सभी जिलों में जिला परिवहन पदाधिकारी, अपर जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक एवं प्रवर्तन अवर निरीक्षक की ओर से अभियान संचालित किया जायेगा।
परिवहन सचिव राज कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे स्पेशल ड्राइव की समीक्षा मंगलवार को राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने सभी जिलों के जिला परिवहन पदाधिकारी, एडीटीओ, एमवीआई और ईएसआई के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। समीक्षा के दौरान उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा सभी जिलों में प्रवर्तन गतिविधियों को और तेज करने का निर्देश दिया।
राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने निर्देश दिया कि प्रमुख चौक-चौराहों, चेक पोस्टों पर जांच अभियान को सघन बनाया जाए। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध ई-चालान जारी करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारियों को अभियान की प्रतिदिन समीक्षा करने तथा कार्रवाई की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया।
स्पेशल ड्राइव के तहत पिछले दस दिनों में विभिन्न जिलों में परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में 16 हजार से अधिक ई-चालान जारी किए गए हैं। इन मामलों में लगभग 15.5 करोड़ रुपये की जुर्माना राशि निर्धारित की गई है। यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत की गई है।
आरिफ अहसन ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना परिवहन विभाग की प्राथमिकता है। हेलमेट और सीटबेल्ट का उपयोग तथा नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकना सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी जिलों को निर्देश दिया कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्रवाई नहीं करने और खराब प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों को प्रतिदिन अभियान की समीक्षा कर प्रवर्तन कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है।
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए हेलमेट का उपयोग सुनिश्चित करें, चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट लगाएं तथा नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाकर ही सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है और बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सकती है।













