तेज प्रताप यादव का बड़ा कदम, भंग किया अपनी पार्टी का प्रदेश और राष्ट्रीय संगठन, इस नेता को पार्टी से निकाला
राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बड़ा राजनीतिक कदम उठाया है। तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश संगठन को भंग कर दिया है। उन्होंने खुद इस बात की जानकारी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर दी है, साथ ही साथ उन्होंने यह भी लिखा है कि जल्द ही नए सिरे से पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश संगठन का गठन किया जाएगा।
एक्स हैंडल पर तेज प्रताप यादव ने जानकारी दी है कि मोतीलाल राय को जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय महासचिव के पद से तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है। उन्होंने यह भी लिखा है कि कल देर रात्रि 42, हार्डिंग रोड से मोतीलाल ने मेरे कई कीमती सामान, महत्वपूर्ण कागजात एवं नगद पैसा लेकर दीवार फांदकर फरार हो गया है। जिसके कारण इन्हें पार्टी के महासचिव पद से निष्कासित कर दिया गया है। हालांकि इसके अलावा तेज प्रताप यादव ने एक और मनोनयन किया है। तेज प्रताप यादव की तरफ से इस बात की भी जानकारी दी गई है कि विशाल कुमार सिंह को जनशक्ति जनता दल का राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं अपना निजी सहायक नियुक्त किया गया है।
बता दे कि तेज प्रताप यादव ने राजधानी के सचिवालय थाने में एक आवेदन दिया है। जिसमें उन्होंने इस बात की जानकारी दी है कि उनकी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पद पर रहने वाले मोतीलाल राय ने उनके पटना स्थित आवास से चोरी की है। उन्होंने सचिवालय थाने को यह भी जानकारी दी है कि मोतीलाल राय ने 20 लाख रुपए नगद, दो तोले की सोने की चेन, सोने की एक अंगूठी, आईपैड, मैकबुक, लैपटॉप और आईफोन की चोरी की है। बहरहाल पुलिस अभी इस पूरे मामले की जांच पड़ताल में लगी हुई है।