संदिग्ध परिस्थिति में बिहटा थाना के चौकीदार की मौत, जांच में जुटी पुलिस
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में एक चौकीदार की संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कटेसर गांव निवासी नागेंद्र कुमार (पिता स्वर्गीय केशव पासवान) के रूप में हुई है। वह बिहटा थाना में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे।

बिहटा। पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में एक चौकीदार की संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कटेसर गांव निवासी नागेंद्र कुमार (पिता स्वर्गीय केशव पासवान) के रूप में हुई है। वह बिहटा थाना में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार और एसआई राज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर चौकीदार की बाइक खड़ी मिली, जबकि नागेंद्र कुमार जमीन पर गिरे हुए पाए गए। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, अभी तक उनकी मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
इस संबंध में बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को सूचना दी गई है। टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, चौकीदार नागेंद्र कुमार की असामयिक मौत से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस विभाग के सहकर्मियों में भी शोक का माहौल है।
बिहटा से मयंक सिंह की रिपोर्ट











