रोशन रोही और डिंपल सिंह को देखने उमड़ी भीड़ ने मचाया हुड़दंग, भगदड़ से बिगड़ा माहौल, पुलिस को भांजनी पड़ी लाठियां
भागलपुर का सैंडिस कंपाउंड मैदान उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब वहां आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में दर्शकों का हुजूम बेकाबू हो गया। इस कार्यक्रम में मगही स्टार रोशन रोही और लोकप्रिय भोजपुरी अभिनेत्री डिंपल सिंह की एक झलक पाने को भीड़ बेकाबू हुई

भागलपुर: बिहार के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक शहर भागलपुर का सैंडिस कंपाउंड मैदान उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब वहां आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में दर्शकों का हुजूम बेकाबू हो गया। इस कार्यक्रम में शिरकत करने आए मगही स्टार रोशन रोही और लोकप्रिय भोजपुरी अभिनेत्री डिंपल सिंह की एक झलक पाने के लिए हजारों की संख्या में फैंस उमड़ पड़े थे। अपने चहेते कलाकारों को पास से देखने और मंच के करीब पहुंचने की इस अंधी होड़ ने पलभर में पूरे माहौल को तनावपूर्ण बना दिया और मैदान में भगदड़ जैसी भयावह स्थिति उत्पन्न हो गई।
देखते ही देखते यह भारी जनसैलाब इस कदर अनियंत्रित हो गया कि वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों के पसीने छूट गए। बिगड़ते हालात को संभालने और किसी बड़े हादसे को टालने के लिए अंततः पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां तक भांजनी पड़ीं। इस खौफनाक भगदड़ और लाठीचार्ज के दौरान कई आम दर्शकों के साथ-साथ कुछ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर है, जिससे पूरे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
हालात इतने बिगड़ चुके थे कि बेकाबू भीड़ ने गुस्से और जोश में आकर मैदान में दर्शकों के बैठने के लिए लगाई गई प्लास्टिक और लोहे की कुर्सियों को तोड़-फोड़कर हवा में उछालना शुरू कर दिया। जिसके हाथ में कुर्सी का जो हिस्सा आया, उसने उसे इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे मैदान में युद्ध जैसा नजारा देखने को मिला। चश्मदीदों के मुताबिक, आगे खड़े लोगों के कारण पीछे के दर्शकों को मंच नहीं दिख रहा था, जिसके चलते मामूली कहासुनी, तू-तू मैं-मैं और देखते ही देखते गाली-गलौज का दौर शुरू हो गया, जिसने इस पूरे उपद्रव को हवा दी।
इस पूरे हंगामे और प्रशासनिक नियमों की अनदेखी को लेकर पुलिस प्रशासन अब बेहद सख्त रुख अपना चुका है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस बड़े सांस्कृतिक आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन या पुलिस विभाग से किसी भी प्रकार की आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी, जिसके चलते पुलिस अब मुख्य आयोजक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज करने की तैयारी में जुट गई है।
भागलपुर से शिवम की रिपोर्ट











