रामलीला मैदान में जुटने लगे कार्यकर्ता, कांग्रेस अध्यक्ष के घर के बाहर हलचल, दिल्ली पुलिस बोली- हम पूरी तरह से तैयार
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज यानी एक नवंबर को इंडिया गठबंधन की महारैली होने वाली है। इस रैली में विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ता, छात्र संगठन और नागरिक समाज के प्रतिनिधि शामिल होने जा रहे हैं।

नई दिल्ली : दिल्ली के रामलीला मैदान में आज यानी एक नवंबर को इंडिया गठबंधन की महारैली होने वाली है। इस रैली में विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ता, छात्र संगठन और नागरिक समाज के प्रतिनिधि शामिल होने जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत तमाम नेता रैली में शामिल होंगे। रविवार को रैली की शुरुआत कनॉट प्लेस से होगी, यह मिंटो रोड जंक्शन से होते हुए अजमेरी गेट के रास्ते रामलीला मैदान तक पहुंचेगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोगों से भारी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है।
दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड में है, सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं
इस बीच, दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड में है। दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मार्च के रास्ते और कार्यक्रम स्थल पर चार हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की टुकड़ियां तैनात रहेंगी। वहीं, रामलीला मैदान को 14 सुरक्षा जोन में बांटा गया है, जिनमें से हर एक जोन की निगरानी असिस्टेंट कमिश्नर रैंक के अधिकारी करेंगे। दिल्ली में व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने रैली का विरोध जताया है। सीटीआई ने राहुल गांधी से अपील करते हुए कहा था कि राजनीति के बाजार में व्यापारियों की मोहब्बत की दुकानें बंद मत कीजिए।
'वेन्यू पर सही इंतजाम...', बोले DCP सेंट्रल रोहित राजबीर
इंडिया ब्लॉक की रैली पर डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर ने कहा कि लोग सुबह 5:30 बजे से ही इस रैली में शामिल होने के लिए आने लगे। हमारी व्यवस्था बहुत अच्छी है। हम लोगों के आने-जाने में मदद कर रहे हैं और साथ ही यह भी पक्का कर रहे हैं कि स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। वेन्यू पर भी सही इंतजाम किए हैं और मार्च के रूट के लिए भी प्लान तैयार है। इंडिया गठबंधन की मेगा रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर कड़ी सुरक्षा तैनात की गई।
रामलीला मैदान में विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के खिलाफ दिल्ली के रामलीला मैदान में आज इंडिया ब्लॉक की महारैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
राहुल गांधी ने कहा- त्योहारों का मौसम है, दिवाली, छठ, भाईदूज का समय है
लोकसभा में विपक्ष के नेता व सांसद राहुल गांधी ने कहा कि त्योहारों का मौसम है। दिवाली, छठ, भाईदूज का समय है। मैं चाहता हूं कि जो लाखों लोग बाहर से दिल्ली आ रहे हैं, वो यहां के व्यापारियों की मदद करें। राहुल गांधी ने कहा कि प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए। व्यापारियों का फायदा हो जाएगा।
BJP का हमला, कहा- 'रामलीला मैदान में ठगों का मेला'
दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी दलों की महारैली को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज दिल्ली के रामलीला मैदान में फिर से ठगों का मेला लगने वाला है।











