JTET परीक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम, 72 केंद्रों पर 46,181 अभ्यर्थी हो रहे हैं शामिल
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 रविवार को राज्य के सभी 24 जिलों के 986 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। बोकारो जिले में भी परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

बोकारो : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 रविवार को राज्य के सभी 24 जिलों के 986 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। बोकारो जिले में भी परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले के 72 परीक्षा केंद्रों पर कुल 46,181 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है।
सभी केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है
इसके अलावा सभी केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनी रहे। पहली पाली में कक्षा-6 से 8 तक के लिए परीक्षा आयोजित हो रही है। इसके लिए सुबह 7:30 से नौ बजे तक रिपोर्टिंग का समय निर्धारित किया गया है, जबकि परीक्षा सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। वहीं, दूसरी पाली में कक्षा-1 से 5 तक के अभ्यर्थियों की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी।
बोकारो में सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिल रही है
बोकारो में सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिल रही है। लंबे समय बाद जेटेट परीक्षा आयोजित होने से अभ्यर्थियों में खासा उत्साह है। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि परीक्षा संपन्न होने के बाद राज्य सरकार जल्द ही शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करेगी। वहीं, कुछ अभ्यर्थियों ने झारखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की है। उनका कहना है कि सीटीईटी और दूसरे राज्यों की तर्ज पर झारखंड में भी साल में कम से कम दो बार परीक्षा होनी चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़े।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट











