पूर्व सैनिकों से जमीन के नाम पर करोड़ों के फर्जीवाड़े का आरोप, पुलिस ने दिया गिरफ्तारी का आदेश
आईआईटी अमहरा थाना क्षेत्र में पूर्व सैनिकों से जमीन देने के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। इस संबंध में पूर्व सैनिक राघवेंद्र कुमार ने अमहरा थाना में लिखित आवेदन दिया है।

आईआईटी अमहरा थाना क्षेत्र में पूर्व सैनिकों से जमीन देने के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। इस संबंध में पूर्व सैनिक राघवेंद्र कुमार ने अमहरा थाना में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने थाना कांड संख्या 54/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सैनिक वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन इंडिया लिमिटेड नामक संस्था के माध्यम से करीब 69 पूर्व सैनिकों को जमीन देने का भरोसा दिलाया गया।
संस्था के चेयरमैन लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश राणा तथा कैप्टेन अर्जुन कुमार सिंह को उनका पार्टनर बताया गया है। आरोप है कि पूर्व सैनिकों को जमीन दिखाकर कथित रूप से फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराई गई। इस पूरे मामले में करोड़ों रुपये की जमीन और राशि शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
वहीं इस मामले को लेकर दानापुर एसडीपीओ-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि कांड संख्या 54/2026 में पुलिस द्वारा अनुसंधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी लोग इस मामले में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने संबंधित अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है।पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में पूर्व सैनिकों के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो सके।
बिहटा से मयंक सिंह, अभिषेक कुमार की रिपोर्ट












