शराब पार्टी के बाद चार बेहोश ! चारों की इलाज के क्रम में मौत
राजधानी के बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना गांव में कथित रूप से शराब पार्टी के बाद चार लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते चारों बेहोश हो गए, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

राजधानी के बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना गांव में कथित रूप से शराब पार्टी के बाद चार लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते चारों बेहोश हो गए, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने चारों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण सभी को बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। बीमार लोगों की पहचान पंकज कुमार, निशु कुमार, विकास कुमार और शशि कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
मिली खबर के अनुसार बाढ़ थाना क्षेत्र के बेठना गांव के सैदपुर टोला में चार युवक सावन खत्म होने के बाद मछली और शराब की पार्टी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि शराब का एक पैग पीने के बाद ही चारों की हालत बिगड़ी। चारों को बाढ़ के अनुमंडल अस्पताल में लाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर किया गया। मिली खबर के अनुसार पटना में इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई है अब यह जांच का विषय है की मौत का कारण क्या है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि शराब पार्टी के दौरान जहरीली शराब के सेवन से इन लोगों की तबीयत बिगड़ी हो सकती है। हालांकि, जहरीली शराब के सेवन की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। बाढ़ अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णा जोशी ने बताया कि वास्तविक कारण जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इधर घटना के बाद रविवार की शाम ग्रामीणों ने बख्तियारपुर मोकामा फोर लेन और बाढ़ सकसोहरा 2 लेन सड़क को पूरी तरह से जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने के बाद आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। बीते देर शाम बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनको हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। इधर घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की पडताल में जुट गयी है।










