बिहार के 18 पुलिसकर्मियों को सम्मान, पटना के थानेदार को वीरता पदक, महिला IPS और IG को राष्ट्रपति पदक
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से बिहार पुलिस के 18 अधिकारियों और जवानों को अलग-अलग श्रेणियों में पुलिस पदक के लिए चुना गया है। इंस्पेक्टर मोहम्मद अफसर हुसैन को गैलंट्री मेडल मिला है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से बिहार पुलिस के 18 अधिकारियों और जवानों को अलग-अलग श्रेणियों में पुलिस पदक के लिए चुना गया है। इनमें वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा के लिए अलग-अलग पदक शामिल हैं। देशभर में पुलिस, फायर सर्विस, होम गार्ड एवं सिविल डिफेंस और सुधार सेवाओं से जुड़े कुल 1057 कर्मियों को वीरता और सेवा पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष 301 कर्मियों को वीरता पदक (Gallantry Medal) दिया गया है। इनमें 272 पुलिसकर्मी और 29 फायर सर्विस के कर्मचारी शामिल हैं। चयनित अधिकारियों और जवानों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
इस बार बिहार पुलिस के 18 अधिकारियों और जवानों को अलग-अलग श्रेणियों में पुलिस पदक के लिए चुना गया है। इंस्पेक्टर मोहम्मद अफसर हुसैन को गैलंट्री मेडल मिला है। वहीं आईजी संजय कुमार और एसपी बीना कुमारी को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक के लिए चुना गया है। इसके अलावा 15 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक देने की घोषणा की गई है। बिहार के लिए इस वर्ष की सूची में एक गैलंट्री मेडल, दो विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और 15 सराहनीय सेवा पदक शामिल हैं। इस तरह राज्य के कुल 18 पुलिसकर्मी और अधिकारी इस सम्मान के लिए चुने गए हैं। पिछले वर्ष यानी 2025 में बिहार पुलिस को कुल 15 पुलिस पदक मिले थे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पुलिस पदकों की घोषणा हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर की जाती है। इसका उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के उल्लेखनीय कार्य, साहस, कर्तव्य के प्रति समर्पण और लंबे समय तक उत्कृष्ट सेवा को सम्मानित करना है। गृह मंत्रालय के मुताबिक, वीरता पदक ऐसे अधिकारियों और कर्मियों को दिया जाता है, जिन्होंने जीवन और संपत्ति की रक्षा करने, अपराध रोकने या अपराधियों को गिरफ्तार करने के दौरान उल्लेखनीय साहस और कर्तव्यपरायणता का परिचय दिया हो।
सराहनीय सेवा पदक के लिए बिहार पुलिस के 15 अधिकारियों और कर्मियों का चयन किया गया है। सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में डीआईजी राकेश कुमार सिन्हा और एसपी इम्तियाज अहमद भी शामिल हैं। इनके अलावा पुलिस विभाग के कई अन्य अधिकारियों और जवानों को भी लंबे समय तक बेहतर सेवा देने के लिए सम्मानित किया जाएगा।
15 को मिला सराहनीय सेवा पदक
राकेश कुमार सिन्हा-डीआईजी
इम्तेयाज अहमद-एसपी
मो इरशाद आलम-इंस्पेक्टर
मुकेश कुमार सिंह- एएसआई
लवकुश कुमार-एएसआई
राकेश कुमार सिंह-एसआई
शंभु नाथ सिंह-हवलदार
संतोष छेत्री-एसआई
संतोष अले मगर-हवलदार
रुपेश थापा-हवलदार
तपन गुरुंग-कांस्टेबल
छत्रबहादुर थापा-कांस्टेबल
संतोष कुमार ठाकुर-कांस्टेबल
अमिताभ गिरी-एएसआई
आनंद प्रकाश-एएसआई
बता दें कि बिहार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में डीआईजी राकेश कुमार सिन्हा को उनकी बेहतरीन पुलिस सेवा के लिए गृह मंत्रालय ने सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया. उन्होंने 3 दशक की पुलिस सेवा में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जांच में अहम भूमिका निभाई है। राकेश कुमार सिन्हा ने 1999 में डीएसपी के रूप में पुलिस सेवा शुरू की थी। 2001 में उन्होंने झारखंड के दुमका से अपनी नौकरी की शुरुआत की। बाद में बिहार कैडर मिलने के बाद उन्होंने जहानाबाद, शेखपुरा, रोहतास, समस्तीपुर, जमुई, नालंदा, सुपौल और खगड़िया समेत कई जिलों में काम किया।











