Bankipur Upchunav Voting LIVE: बांकीपुर उपचुनाव में मतदान जारी, 11 बजे तक 11.50% मतदान, बीजेपी और पीके समर्थक भिड़े
राजधानी पटना की बांकीपुर उपचुनाव में गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में 4.61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है।

राजधानी पटना की बांकीपुर उपचुनाव में गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में 4.61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है। वहीं सुबह 11 बजे तक बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में 11.50 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। वहीं बीजेपी ने आज सुबह-सुबह चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया है। पार्टी ने जन सुराज पर फर्जी वोटर कार्ड बनाने का आरोप लगाया है। इसे लेकर चुनाव आयोग में लिखित शिकायत की गई है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बांकीपुर के मतदाताओं से ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ का आह्वान करते हुए अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती हर जागरूक मतदाता की भागीदारी से ही संभव है, इसलिए सभी नागरिक अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और पटना साहिब से सांसद रवि शंकर प्रसाद अपने परिवार के साथ पटना विमेंस कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपना वोट डाला। वहीं बांकीपुर उपचुनाव के बीच बीजेपी और जनसुराज समर्थक आमने-सामने हो गए। बताया गया है कि फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर दोनों दलों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।
बांकीपुर सीट पर 25 प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज और राजद के बीच है। नतीजे 3 अगस्त को आएंगे। भाजपा की गढ़ मानी जाने वाली बांकीपुर सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला है। बीजेपी ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। वहीं, जन सुराज की ओर से पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर स्वयं चुनाव लड़ रहे हैं।
शुरुआत में इस सीट के लिए 40 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के दौरान पर्चे में गड़बड़ी के कारण 14 उम्मीदवारों का नामांकन रद्द हो गया। इसके अलावा एक प्रत्याशी ने अपना नाम वापस ले लिया। इस तरह मैदान में कुल 25 उम्मीदवार ही बचे हैं। विधानसभा क्षेत्र में सभी मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतदाताओं की सुविधा के साथ सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, बिहार पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा में कुल 3,79,471 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाता 2,00,060 और महिला मतदाता 1,79,533 हैं। वहीं, थर्ड जेंडर 23 है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस सीट पर 85 वर्ष से अधिक उम्र के 3,166 मतदाता और 1,024 दिव्यांग मतदाता भी हैं। इन मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदान के लिए कुल 422 बूथ बनाए गए हैं। जहां से लाइव स्ट्रीमिंग होगी। इसमें 247 सरकारी और 175 निजी भवनों में बने बूथों के साथ 9 चलंत केंद्र भी शामिल हैं।











