मंत्री श्रवण कुमार बाबा मणिराम अखाड़ा पहुंचकर लंगोट अर्पित किया, बांकीपुर उपचुनाव-पप्पू यादव पर ये बोले
बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने शनिवार को ऐतिहासिक बाबा मणिराम अखाड़ा पहुंचकर बाबा मणिराम की समाधि पर लंगोट अर्पित किया।

बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने शनिवार को ऐतिहासिक बाबा मणिराम अखाड़ा पहुंचकर बाबा मणिराम की समाधि पर लंगोट अर्पित किया। उन्होंने देश, प्रदेश और किसानों की समृद्धि और उन्नति की कामना की तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की भी प्रार्थना की।
इस दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव और सांसद पप्पू यादव के बयान पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। मान्यता है कि बाबा मणिराम मंदिर बिहार का एक अनूठा धार्मिक स्थल है, जहां प्रसाद के रूप में लंगोट अर्पित किया जाता है और श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने की कामना करते हैं।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मतगणना में अब कुछ ही दिन शेष हैं और जनता का जनादेश ईवीएम में सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि मतदान से पहले और बाद में सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत का दावा करते हैं, लेकिन अंतिम फैसला जनता का होता है। जो भी जनादेश आएगा, उसका सम्मान किया जाएगा।
वहीं संसद में सांसद पप्पू यादव द्वारा कथित रूप से सनातन धर्म का अपमान किए जाने के सवाल पर मंत्री श्रवण कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि पप्पू यादव वास्तव में साधु बनना चाहते हैं तो केवल वेश धारण करने से काम नहीं चलेगा, उन्हें किसी मंदिर, मठ या मस्जिद से जुड़कर सच्चे मन से साधना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग सनातन धर्म का अपमान करते हैं, जनता का अपमान करते हैं या संविधान और कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करते हैं, उन्हें समय आने पर जनता स्वयं जवाब देती है।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट













