मोतिहारी: Re-NEET UG परीक्षा, 13 केंद्रों पर 6320 अभ्यर्थी, भारी संख्या में पुलिस तैनात
पूर्वी चंपारण जिले में Re-NEET UG परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6320 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
पूर्वी चंपारण जिले में Re-NEET UG परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6320 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों पर थ्री-लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।
परीक्षा केंद्रों के 200 गज के दायरे में धारा 163 लागू की गई है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोका जा सके। मोतिहारी सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
एसडीपीओ ने बताया कि परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है। किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा से पहले केंद्रों पर मॉक ड्रिल और सुरक्षा जांच भी की गई। जिला प्रशासन लगातार सभी केंद्रों की निगरानी कर रहा है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट