'हुजूर मेरे पति को चाकू से मार दिया, न्याय दिला दीजिए' तेजस्वी से बोली पीड़िता, पताही डबल मर्डर पर सियासत तेज
मोतिहारी के पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद सियासत तेज हो गई है। मवेशी को नहलाने के दौरान गिरे पानी के मामूली विवाद में देवर और भौजाई की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। तेजस्वी से पीड़िता बोली-हुजूर न्याय दिला दीजिए..

मोतिहारी के पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद सियासत तेज हो गई है। मवेशी को नहलाने के दौरान गिरे पानी के मामूली विवाद में देवर और भौजाई की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में जमी अहमद और मनीना खातून की जान चली गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है। इसी बीच यह मामला राजनीतिक रंग लेता दिख रहा है।
घटना की खबर मिलते ही राजद जिला अध्यक्ष मनोज यादव के नेतृत्व में राजद का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने जिहुली गांव पहुंचा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से पीड़ित परिवार की वीडियो कॉल पर बात कराई। वीडियो कॉल के दौरान मृतक जमी अहमद की पत्नी फूट-फूट कर रोते हुए तेजस्वी यादव से न्याय की गुहार लगाती दिखी।
महिला ने कहा, "हुजूर मेरे पति को चाकू मार कर हत्या कर दिया है, मुझे न्याय दिला दीजिए। बताया जाता है कि वीडियो कॉल पर तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आप लोग घबराइए नहीं, आप लोगों को न्याय मिलेगा, इसीलिए हमने अपनी प्रतिनिधि को आपके पास भेजा है। हम इस मामले को पूरी मजबूती से उठाएंगे। इस पर मृतका मनीना खातून की बेटी ने भावुक होते हुए कहा कि "आप नहीं आइएगा, आप एक बार आ जाइए।" बेटी की इस मांग पर तेजस्वी ने जल्द ही मिलने का आश्वासन दिया।
इधर, राजद जिला अध्यक्ष मनोज यादव ने इस घटना को प्रशासन की विफलता बताया है। उन्होंने कहा कि मामूली विवाद में दो लोगों की हत्या यह दर्शाती है कि अपराधियों में कानून का भय खत्म हो गया है। उन्होंने प्रशासन से सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, पताही थानाध्यक्ष बबन कुमार ने बताया कि तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है, शेष को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट










