आवासीय विद्यालय में बच्चों ने खोली बदहाली की पोल, SDM-SDPO के साथ पहुंचे DM
मोतिहारी के सुगौली प्रखंड के सुगांव स्थित भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में बदहाल व्यवस्था को लेकर बच्चों का दर्द सामने आया। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सदर एसडीएम अरुण कुमार पांडेय और एसडीपीओ दिलीप कुमार सिंह के साथ विद्यालय का निरीक्षण किया।

मोतिहारी के सुगौली प्रखंड के सुगांव स्थित भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में बदहाल व्यवस्था को लेकर गुरुवार को बच्चों का दर्द सामने आया। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सदर एसडीएम अरुण कुमार पांडेय और एसडीपीओ दिलीप कुमार सिंह के साथ विद्यालय का निरीक्षण किया और कक्षा में बच्चों से सीधे बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली।
बच्चों ने एचएम और बीडब्ल्यूओ पर शराब के नशे में विद्यालय आने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया। सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर विधालय में शराब जाता कैसे हैं। बच्चों का दावा है कि अधिकारियों के आने से पहले उन्हें शिकायत नहीं करने की धमकी दी गई थी। वहीं, दो दिन पहले खराब भोजन के विरोध में करीब 20 घंटे तक चले प्रदर्शन का मुद्दा भी बच्चों ने डीएम के सामने उठाया।
बच्चों ने कहा कि अधिकारियों के जाते ही भोजन व्यवस्था फिर पुराने ढर्रे पर लौट गई। शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत करते हुए विद्यार्थियों ने डीएम से एचएम और बीडब्ल्यूओ को हटाने की मांग की। निरीक्षण में भोजन, मेस और अन्य सुविधाओं से जुड़ी कई शिकायतें भी सामने आईं। डीएम ने जिला कल्याण पदाधिकारी को सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया।
एसडीओ को महीने में कम से कम एक बार विद्यालय पहुंचकर बच्चों से संवाद करने तथा बीडीओ और थाना प्रभारी को भी नियमित निरीक्षण करने को कहा गया है। डीएम ने कहा कि शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट की समीक्षा के बाद लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट











