जयनगर नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति की बैठक, विकास कार्यों और वित्तीय मामलों पर हुई चर्चा
जयनगर नगर पंचायत कार्यालय में आज यानी सोमवार को अपराह्न दो बजे सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। कुल 13 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

मधुबनी : जयनगर नगर पंचायत कार्यालय में आज यानी सोमवार को अपराह्न दो बजे सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पंचायत के विकास कार्यों, वित्तीय स्वीकृति, साफ-सफाई व्यवस्था एवं प्रशासनिक मामलों सहित कुल 13 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सुनील कुमार, मुख्य पार्षद कैलाश पासवान, उप मुख्य पार्षद माला तिवारी सहित संबंधित वार्ड पार्षद एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वार्ड संख्या-13 स्थित दास मोहल्ला के सामुदायिक भवन की मरम्मत व जीर्णोद्धार का मुद्दा भी बैठक में रखा गया
आपको बता दें कि 31 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के आलोक में आयोजित इस बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि, 15वें वित्त आयोग की शेष राशि से साफ-सफाई मद में खर्च करने की प्रशासनिक स्वीकृति, भविष्य निधि कार्यालय से प्राप्त 70 किस्तों की राशि के भुगतान तथा सहयोग शिविर में हुए खर्च की स्वीकृति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। वहीं वार्ड संख्या-13 स्थित दास मोहल्ला के सामुदायिक भवन की मरम्मत एवं जीर्णोद्धार का मुद्दा भी बैठक में रखा गया। बैठक के दौरान नगर पंचायत की राशि के गबन से जुड़े मामले एवं कांड संख्या 279/2026 को लेकर संबंधित कर्मी श्रवण कुमार पासवान को सर्वसम्मति से निलंबित करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त सफाई कार्य के लिए खरीदी गई सामग्री की राशि की स्वीकृति, इनकम टैक्स फाइल करने वाली संस्थाओं के भुगतान तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट तैयार करने वाली एजेंसियों के भुगतान पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था व वित्तीय प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर अहम रही
वहीं बिहार म्युनिसिपल अकाउंटिंग मैनुअल 2024 के प्रावधानों के अनुरूप वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की वार्षिक वित्तीय विवरणी तैयार करने, पीटीआर व परिसंपत्ति रजिस्टर को अद्यतन करने, छठ महापर्व के आयोजन में हुए व्यय की राशि स्वीकृत करने व नगर पंचायत कार्यालय में 52 लाख रुपए की राशि से संबंधित विकास कार्य कराने के मुद्दे भी बैठक में उठाए गए। बैठक में लिए गए निर्णयों के माध्यम से नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने, साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और वित्तीय मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कुल मिलाकर, जयनगर नगर पंचायत की यह बैठक शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर अहम रही।
मधुबनी से पांडव कुमार यादव की रिपोर्ट













