बेलवा स्थित छठ घाट पहुंचे डीएम और एसपी, किया निरीक्षण, दिया निर्देश
जिले के डीएम और एसपी ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से बेलवा पंचायत स्थित ओदरा छठ घाट निरीक्षण किया।

किशनगंज: जिले के डीएम और एसपी ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से बेलवा पंचायत स्थित ओदरा छठ घाट निरीक्षण किया। आने वाले लोक अस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर छठ व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए डीएम नवीन कुमार और एसपी संतोष कुमार ने संयुक्त रुप से ओदरा छठ घाट का निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस दौरान डीएम नवीन कुमार ने छठ घाट पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा घाट तक पहुंचने वाले रास्तों को सुव्यवस्थित रखने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि घाट एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
वहीं एसपी संतोष कुमार ने छठ पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति एवं आवश्यक निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी ,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी गण आदि उपस्थित थे।
किशनगंज से इमामुद्दीन की रिपोर्ट













