वर्षों से सड़क निर्माण की बाट जोह रहे शीतलगढ़ के ग्रामीण, जनता दरबार में डीएम से लगाई गुहार
जहानाबाद जिले में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में शीतलगढ़ गांव के ग्रामीण वर्षों पुरानी सड़क की समस्या लेकर जहानाबाद की जिलाधिकारी छिरिङ वाई. भूटिया के समक्ष पहुंचे

जहानाबाद जिले में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में शीतलगढ़ गांव के ग्रामीण वर्षों पुरानी सड़क की समस्या लेकर जहानाबाद की जिलाधिकारी छिरिङ वाई. भूटिया के समक्ष पहुंचे। ग्रामीणों ने लिखित आवेदन सौंपकर गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क पिछले कई वर्षों से जर्जर स्थिति में है। सड़क का समुचित निर्माण नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इस रास्ते से स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। खराब सड़क के कारण लोगों के फिसलकर गिरने और चोटिल होने की समस्या भी बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विधायक और मुखिया से कई बार शिकायत की जा चुकी है। चुनाव के दौरान सड़क निर्माण का आश्वासन भी मिलता रहा, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें जिला प्रशासन से ही उम्मीद है, इसलिए जनता दरबार में अपनी समस्या लेकर पहुंचे हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क का निर्माण जल्द कराने की मांग करते हुए कहा कि यह मार्ग गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। समस्या सुनने के बाद जिला प्रशासन की ओर से सड़क स्थल का निरीक्षण कराने का आश्वासन दिया गया। निरीक्षण के बाद सड़क की स्थिति और आवश्यकता का आकलन कर संबंधित विभाग के माध्यम से निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही गई।
डीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें पहले भी कई बार आश्वासन मिल चुका है, अब वे सड़क निर्माण को धरातल पर होते देखना चाहते हैं।
जहानाबाद से बरुन की रिपोर्ट










