पदभार संभालते ही एक्शन में डीएम, पहुंची यहां, कई पर गिरी गाज, दे दी सख्त हिदायत

पदभार संभालते ही एक्शन में डीएम, पहुंची यहां, कई पर गिरी गाज, दे दी सख्त हिदायत
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
: Jun 22, 2026, 5:03:00 PM

जिले की नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने सोमवार को पदभार ग्रहण करते ही अपनी कार्यशैली का परिचय देते हुए सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सीय व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। डीएम ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण केंद्र, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई तथा विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अनुपस्थित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए तथा पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। एक चिकित्सक के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया।

निरीक्षण के बाद डीएम छिरिङ वाई भूटिया ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मरीजों को बेहतर और समयबद्ध इलाज उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान शिकायत मिली थी कि इमरजेंसी वार्ड में अक्सर केवल एक ही डॉक्टर मौजूद रहते हैं। जांच के दौरान भी एक ही चिकित्सक उपस्थित पाए गए, जिसके बाद कार्रवाई की गई है। डीएम ने कहा कि सदर अस्पताल के नए भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है और भवन तैयार होते ही स्वास्थ्य सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक एवं कर्मी निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी निभाएं, मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें तथा दवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य विभाग सहित सभी सरकारी विभागों की नियमित निगरानी की जाएगी और अस्पतालों पर प्रशासन की विशेष नजर बनी रहेगी, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी के इस औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। वहीं अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन की सख्ती से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

जहानाबाद से वरूण कुमार की रिपोर्ट