जनप्रतिनिधि समन्वय सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान, ग्रामीण विकास में बेहतर समन्वय पर जोर
जहानाबाद। बिहार ग्रामीण बैंक की ओर से पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधियों के सम्मान में शहर के एक निजी हॉल में जनप्रतिनिधि समन्वय सम्मेलन का आयोजन किया गया।

जहानाबाद। बिहार ग्रामीण बैंक की ओर से पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधियों के सम्मान में शहर के एक निजी हॉल में जनप्रतिनिधि समन्वय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज कुमार और मुख्य अतिथि महाप्रबंधक संजीव श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
सम्मेलन में शहर के राजेश रंजन, घोसी के मुखिया रंजीत कुमार, टुनटुन मुखिया, अजय कुमार, जिला परिषद सदस्य सुनीता देवी सहित कई पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान बिहार ग्रामीण बैंक की ओर से उपस्थित जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं को अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज कुमार ने कहा कि पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधि सीधे आम लोगों से जुड़े होते हैं। ऐसे में बैंक और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल होने से ग्रामीणों तक बैंक की विभिन्न योजनाओं, ऋण सुविधाओं और अन्य बैंकिंग सेवाओं की जानकारी आसानी से पहुंचाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि बिहार ग्रामीण बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि आम लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ग्रामीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाना भी है। उन्होंने कहा कि बैंक से जुड़कर बिहार के विकास को गति देने के उद्देश्य से लगातार कार्य किया जा रहा है।
महाप्रबंधक संजीव श्रीवास्तव ने भी बैंक की योजनाओं और सुविधाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में और अधिक आसानी होगी।
वहीं, जनप्रतिनिधियों ने बिहार ग्रामीण बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए बैंक अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बैंक की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। सम्मेलन के दौरान बैंक और जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट











