गोवर्धन पूजा पर भ्रम फैलाने वालों पर बरसे राजद सांसद सुरेंद्र यादव, बागेश्वर बाबा और सरकार पर साधा निशाना
जहानाबाद। घोसी प्रखंड के लखावर हाई स्कूल मैदान में गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित दंगल प्रतियोगिता का उद्घाटन करने पहुंचे राजद सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने कई राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर तीखा बयान दिया।

जहानाबाद। घोसी प्रखंड के लखावर हाई स्कूल मैदान में गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित दंगल प्रतियोगिता का उद्घाटन करने पहुंचे राजद सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने कई राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर तीखा बयान दिया। उन्होंने गोवर्धन पूजा को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग समाज को दो हिस्सों में बांटने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे यादव समाज बर्दाश्त नहीं करेगा।
सांसद ने कहा कि गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की पूजा है। यादव समाज ने तय किया है कि यह पर्व दीपावली के ठीक अगले दिन मनाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऊंची बिरादरी के पोथी-पत्रा देखने वाले लोग समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। राजनीतिक समीकरणों पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में यादव और अन्य वर्गों का वोट अखिलेश यादव के साथ जाएगा, जबकि बिहार में लोग लालू प्रसाद यादव के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने सत्ता पक्ष पर चुनाव में हेराफेरी और वोट चोरी करने का आरोप भी लगाया।
इस दौरान सांसद ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी करने का अधिकार उन्हें किसने दिया है? भगवान को गाली देने वालों पर सरकार चुप क्यों रहती है? उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ तुरंत मुकदमे दर्ज किए जाते हैं, लेकिन ऐसे मामलों में सत्ता पक्ष मौन रहता है।
आरएसएस पर हमला बोलते हुए सुरेंद्र यादव ने कहा कि आजादी के आंदोलन में संघ का कोई योगदान नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाठ्यक्रम और इतिहास की पुस्तकों में बदलाव कर इतिहास को अपने हिसाब से प्रस्तुत करने की कोशिश की जा रही है। इससे वंचित और शोषित वर्ग के बच्चों के भविष्य पर भी असर पड़ सकता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, खेल प्रेमी और राजद कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट













