अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो फुटबॉल खिलाड़ी की हुई मौत, तीसरा घायल
जमुई जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ककनचोर स्थित काजू बगान के पास सोमवार की देर शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो फुटबाल खिलाड़ी की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो हो गया।

जमुई जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ककनचोर स्थित काजू बगान के पास सोमवार की देर शाम 7:00 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो फुटबाल खिलाड़ी की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। इसके बाद घटना स्थल पर पहुंची मोहनपुर थाना की पुलिस द्वारा ट्रक को जब्त कर घायल युवक को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर में भर्ती कराया गया, जबकि मृतक दोनों फुटबाल खिलाड़ियों के शव को सदर अस्पताल लाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के लिए कागजी प्रक्रिया पूरी की गई है।
मृतक की पहचान सोनो थाना क्षेत्र के कसैया गांव निवासी तालो टुड्डू के 16 वर्षीय पुत्र दिनेश टुड्डू और पूरण मुर्मू के 20 वर्षीय पुत्र रवीन मुर्मू के रूप में हुई है, जबकि रामजी मुर्मू के पुत्र शिवशंकर मुर्मू घायल हुए हैं।
बताया जाता है कि एक ही बाइक पर सवार होकर तीनों फुटबाल मैच खेलने बरहट गया था। फुटबाल मैच खेलने के बाद लौटते समय देर शाम हो गई और तीनों बाइक से ही अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही ककनचोर स्थित काजुबागन मोड़ के पास बाइक पहुंची, इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने तीनों को अपने चपेट में ले लिया। जिससे दो फुटबाल खिलाड़ी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक बुरी तरह घायल हो गया।
पुलिस ट्रक को जब्त कर दुर्घटना की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। इधर एक साथ एक ही गांव के दो लोगों की मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल होने लगा। परिवार वालों के चीख- चीत्कार से सदर अस्पताल का पूरा माहौल गमगीन बना रहा। परिवार वालों के साथ- साथ पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। पुत्र की मौत ने मां- पिता व अन्य स्वजन का बुरा हाल कर दिया।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट














