छात्राओं से अमर्यादित व्यवहार और अश्लील टिप्पणी का आरोप, प्रिंसिपल निलंबित, विभागीय कार्रवाई शुरू
गोपालगंज जिले के भोरे प्रखंड स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनकटा, जागीरदारी के प्राचार्य सत्येंद्र कुमार को छात्राओं के साथ अमर्यादित व्यवहार और अश्लील भाषा का प्रयोग करने के गंभीर आरोपों में निलंबित कर दिया गया है।

गोपालगंज जिले से खबर है। यहां एक गुरूजी अभद्र आचरण के आरोप में नप गये हैं। अब उनके ऊपर विभागीय कार्रवाई की गाज गिर सकती है।
मिली जानाकरी के अनुसार जिले के भोरे प्रखंड स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनकटा, जागीरदारी के प्राचार्य सत्येंद्र कुमार को छात्राओं के साथ अमर्यादित व्यवहार और अश्लील भाषा का प्रयोग करने के गंभीर आरोपों में निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार पांडेय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए यह कार्रवाई की है। निलंबन के साथ ही आरोपी प्राचार्य के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
स्कूल की छात्राओं ने प्राचार्य सत्येंद्र कुमार पर कई संगीन आरोप लगाए थे। छात्राओं का कहना था कि प्राचार्य उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं और उनका मानसिक व लैंगिक उत्पीड़न करते हैं। इसके अलावा, स्कूल के शौचालयों में ताला लटका कर रखने, शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही बरतने और स्वेच्छाचारिता दिखाने के भी आरोप लगाए गए थे।
छात्राओं की शिकायतों और बढ़ते आक्रोश के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों को सही पाते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार पांडेय ने प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। शिक्षा विभाग की इस कड़ी कार्रवाई से जिले के शैक्षणिक संस्थानों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्कूलों में अनुशासनहीनता और छात्राओं की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट











